इंफाल, हिंसा प्रभावित मणिपुर में कानून-व्यवस्था बहाल करने के लिए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा चलाया जा रहा सघन अभियान लगातार असर दिखा रहा है। राज्य के अलग-अलग जिलों में की गई कार्रवाइयों के दौरान जहां तीन सक्रिय उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया, वहीं भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया है। इसके अलावा, हिंसा प्रभावित क्षेत्र में फंसे दो लोगों को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया है।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, सोमवार को सुरक्षा बलों ने इंफाल पूर्व जिले के लमलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत नोंगदम गांव के न्गारू चेंगजेल पहाड़ी इलाके से हथियारों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया। बरामद सामग्री में एक .303 राइफल मैगज़ीन सहित, दो 12 बोर सिंगल बैरल राइफल, चार 9 एमएम पिस्तौल मैगज़ीन के साथ और तीन 36 नंबर हैंड ग्रेनेड शामिल हैं। हालांकि, इस अभियान में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
वहीं, एक अन्य महत्वपूर्ण कार्रवाई में इंफाल पश्चिम जिले के सिंगजामेई थाना क्षेत्र के लिलोंग चाजिंग इलाके में हुए बम विस्फोट मामले की जांच के बाद पुलिस ने केसीपी (अपुनबा) संगठन से जुड़े तीन सक्रिय उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान लैशराम बुलु सिंह (39), पुयामाचा डेविड (22) और निंगथौजम चलम्बा सिंह (29) के रूप में हुई है।
गिरफ्तार उग्रवादियों के कब्जे से एक मारुति जिप्सी वाहन, एक .45 पिस्तौल मैगज़ीन सहित 17 राउंड, तीन मोबाइल फोन, एक बटुआ, नकदी और आधार कार्ड समेत अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है।
इसके अलावा, सुरक्षा बलों ने उखरुल जिले के लिटन थाना क्षेत्र के लामलाई चिंगफेई कुकी गांव में फंसे दो ड्राइवरों को सफल रेस्क्यू ऑपरेशन के तहत सुरक्षित निकाला। ट्रक खराब होने के कारण फंसे इन लोगों को सुरक्षित यिंगांगपोकपी थाना पहुंचाया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, राज्यभर में पहाड़ी और घाटी क्षेत्रों में तलाशी अभियान और एरिया डोमिनेशन लगातार जारी है। सोमवार को 115 से अधिक नाके लगाए गए और राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर आवश्यक वस्तुओं से लदी 306 गाड़ियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की गई। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई है।