27 माह का पानी का बिल बना बुजुर्ग महिला की मुसीबत, डीएम ने ऐसे दिलाई राहत

देहरादून। प्रत्येक सोमवार कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में आयोजित होने वाला **जनता दर्शन कार्यक्रम** आमजन के लिए राहत का मंच बनता जा रहा है। बड़ी संख्या में फरियादी यहां अपनी समस्याएं लेकर पहुंच रहे हैं और त्वरित समाधान मिलने से सरकार एवं जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर लोगों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।

इसी क्रम में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में सहस्त्रधारा क्षेत्र निवासी बुजुर्ग महिला **हरदीप कौर** ने अपनी पीड़ा जिलाधिकारी के समक्ष रखी। बुजुर्ग महिला ने बताया कि उनका पेयजल बिल पिछले **27 महीनों** से लंबित है, जिसकी कुल राशि लगभग **35,000 रुपये** हो चुकी है। उन्होंने कहा कि वह घर में अकेली रहती हैं, आय का कोई स्थायी स्रोत नहीं है और अक्सर अस्वस्थ रहने के कारण इतनी बड़ी राशि जमा कर पाना उनके लिए संभव नहीं है।

हरदीप कौर ने बताया कि कुछ वर्ष पूर्व उन्होंने जल कनेक्शन काटने के लिए आवेदन किया था। इस दौरान कुछ लोग उनके घर पहुंचे और खुद को संबंधित विभाग का कर्मचारी बताते हुए **5,000 रुपये** लेकर चले गए, लेकिन कनेक्शन नहीं काटा गया। बाद में जब वह जल संस्थान कार्यालय पहुंचीं तो उन्हें जानकारी मिली कि ऐसे नाम का कोई कर्मचारी वहां तैनात ही नहीं है। इस प्रकार बुजुर्ग महिला ठगी का भी शिकार हुईं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने तत्काल जल संस्थान से रिपोर्ट तलब की और त्वरित समाधान के निर्देश दिए। जल संस्थान द्वारा जांच के बाद 27 माह के लंबित **35,000 रुपये के पेयजल बिल को संशोधित कर 14,372 रुपये** में सेटल किया गया।

बुजुर्ग महिला की खराब आर्थिक स्थिति और बीमारी को देखते हुए जिलाधिकारी ने **राइफल फंड** से उक्त राशि का भुगतान करने के निर्देश दिए। प्रशासन द्वारा यह राशि चेक के माध्यम से जल संस्थान को उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे बुजुर्ग महिला को बड़ी आर्थिक राहत मिल सके।

इस मानवीय पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है और जनता दर्शन कार्यक्रम की प्रभावशीलता एक बार फिर सामने आई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.