रामगढ़। झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा क्षेत्र से 2 जनवरी से लापता दो मासूम बच्चे—अंश कुमार राय और अंशिका कुमारी—को 13 दिन बाद सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। बुधवार, 14 जनवरी को रामगढ़ जिले के चितरपुर प्रखंड अंतर्गत पहाड़िया जहाने क्षेत्र से दोनों बच्चों की सकुशल बरामदगी हुई। इस कार्रवाई में बजरंग दल रामगढ़ जिला और चितरपुर समिति के युवकों की अहम भूमिका रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बजरंग दल ने बच्चों की तलाश के लिए जिला स्तर पर विशेष खोज अभियान चलाया था। अभियान के तहत रामगढ़ जिले के विभिन्न प्रखंडों में टीमें गठित कर संभावित स्थानों पर सघन तलाशी ली जा रही थी। विशेष रूप से उन इलाकों में खोज की गई, जहां बाहर से आने-जाने वाले लोग और अस्थायी रूप से रहने वाले समूह मौजूद रहते हैं।
इसी क्रम में बुधवार को चितरपुर बजरंग दल समिति के सदस्य सचिन प्रजापति, बबलू साहु और सन्नी ने पहाड़िया जहाने क्षेत्र में खोजबीन के दौरान दोनों बच्चों को एक दंपति के साथ देखा। तत्पश्चात तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। बजरंग दल के युवकों ने दोनों बच्चों और संबंधित दंपति को रजरप्पा पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद पुलिस सभी को रामगढ़ पुलिस मुख्यालय ले गई।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, पूरे मामले की विस्तृत जानकारी आज पुलिस अधीक्षक रामगढ़ द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दी जाएगी। फिलहाल बच्चों की चिकित्सकीय जांच और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि बच्चों की सुरक्षित बरामदगी के लिए खोज या सूचना देने वालों के लिए दो लाख रुपये के इनाम की घोषणा भी की गई थी। बच्चों के मिलते ही परिजनों ने राहत की सांस ली है।
बजरंग दल द्वारा चलाए गए इस अभियान की क्षेत्र में व्यापक चर्चा हो रही है। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने बच्चों की सुरक्षित बरामदगी पर संतोष व्यक्त किया है। पूरे प्रकरण ने एक बार फिर सामूहिक प्रयास और त्वरित सूचना तंत्र की अहमियत को रेखांकित किया है।