जिले के मुसाबनी थाना क्षेत्र अंतर्गत सुरदा में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। सड़क किनारे खड़ी एक खराब हाइवा से स्कूटी की टक्कर में तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा सुरदा स्थित यूनियन बैंक के पास रात के अंधेरे में हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घाटशिला थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर निवासी राहुल कर्मकार अपने दो सगे भाइयों रोहित कर्मकार और समीर कर्मकार तथा भांजा राज गोप के साथ दिन में सुरदा अपनी ससुराल गया था। रात में चारों एक ही स्कूटी पर सवार होकर जगन्नाथपुर लौट रहे थे। रास्ते में यूनियन बैंक के समीप सड़क किनारे पहले से खड़ी खराब हाइवा अंधेरे के कारण नजर नहीं आई और स्कूटी सीधे उससे जा टकराई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी समेत चारों युवक हाइवा के नीचे घुस गए। हादसे में रोहित कर्मकार (21 वर्ष), समीर कर्मकार (18 वर्ष) और राज गोप (17 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राहुल कर्मकार (26 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल राहुल को घाटशिला अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही घाटशिला और मुसाबनी थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि रोहित और राहुल दोनों शादीशुदा थे और घाटशिला क्षेत्र में पुट्टी का काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे।
हादसे की खबर फैलते ही जगन्नाथपुर और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है, वहीं लोगों ने सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों पर सुरक्षा इंतजाम की मांग उठाई है।