उत्तराखंड में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में देहरादून और उधम सिंह नगर जिले के गदरपुर क्षेत्र में एक-एक अवैध मजार को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया है। यह कार्रवाई सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे हटाने के तहत की गई है। प्रशासन के अनुसार अब तक पूरे राज्य में 570 अवैध मजारों को हटाया जा चुका है।
देहरादून में यह कार्रवाई हरिद्वार रोड स्थित कैलाश अस्पताल के सामने की गई, जहां सड़क के बीच बनी एक अवैध मजार लंबे समय से यातायात में बाधा बन रही थी। नगर प्रशासन द्वारा पूर्व में कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन निर्धारित समय सीमा में कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद नगर मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह और एसडीएम हरि गिरी के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने जेसीबी की मदद से अवैध संरचना को हटाया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि संरचना के नीचे किसी प्रकार के मानव अवशेष नहीं पाए गए।
इसी तरह उधम सिंह नगर जिले के गदरपुर क्षेत्र में सरकारी भूमि पर बनी अवैध मजार को भी ध्वस्त किया गया। एडीएम पंकज उपाध्याय ने बताया कि जिलाधिकारी नितिन भदौरिया के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि संबंधित स्थल पर पहले नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था, लेकिन तय समयसीमा में कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की गई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि राज्य में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून सबके लिए समान है और अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। मुख्यमंत्री ने यह भी दोहराया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य किसी विशेष वर्ग को निशाना बनाना नहीं, बल्कि कानून का पालन सुनिश्चित करना है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि अवैध संरचनाओं को हटाने से पूर्व सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया गया है। साथ ही जनता से अपील की गई है कि वे सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण न करें और प्रशासन के साथ सहयोग करें। सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि भविष्य में भी ऐसे अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।