राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने गुरुवार सुबह हजारीबाग में एक बड़े अभियान के तहत टेरर फंडिंग और आतंकी नेटवर्क से जुड़े संभावित लिंक की जांच को लेकर दांत के डॉक्टर जमील के घर पर छापेमारी की। पेलावल थाना क्षेत्र के अंसार नगर स्थित उनके आवास पर हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, NIA की टीम भारी सुरक्षा व्यवस्था के साथ सुबह-सुबह अंसार नगर पहुंची। टीम के साथ CRPF के जवान भी मौजूद थे, जिन्होंने पूरे क्षेत्र को घेरते हुए तलाशी अभियान शुरू किया। डॉक्टर जमील को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है और उनसे कई अहम बिंदुओं पर सवाल-जवाब जारी है।
सुरक्षा एजेंसियों को पिछले कुछ समय से इस इलाके में संदिग्ध गतिविधियों, अजीबोगरीब आवाजाही और कुछ डिजिटल संचार लिंक के बारे में गुप्त सूचना मिल रही थी। इन इनपुट्स की पुष्टि के बाद केंद्रीय एजेंसियों ने निगरानी बढ़ाई और सटीक जानकारी मिलने के बाद यह छापा मारा गया।
छापेमारी के दौरान NIA को घर के भीतर से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, मोबाइल फोन, लैपटॉप, हार्ड डिस्क और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिले हैं। इन्हें कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। शुरुआती जांच में कुछ संदिग्ध डिजिटल संपर्क मिलने की बात सामने आई है।
जांच एजेंसी अब जब्त सामग्री के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि क्या कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय था, इसमें किन लोगों की भूमिका हो सकती है, और क्या इसके तार किसी बाहरी या अंतरराष्ट्रीय संगठन से जुड़ते हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना है।