चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में गुरुवार को एक बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिला, जब एआईएडीएमके के निष्कासित वरिष्ठ नेता और राज्य के पूर्व मंत्री के.ए. सेंगोट्टैयन ने तमिलगा वेत्रि कझगम (टीवीके) का दामन थाम लिया। अभिनेता से नेता बने और टीवीके के संस्थापक विजय ने उन्हें पार्टी कार्यालय पनयूर में आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान औपचारिक रूप से सदस्यता दिलाई।
सेंगोट्टैयन के टीवीके में शामिल होने की अटकलें पिछले कई दिनों से तेज थीं। बुधवार को विजय से हुई उनकी मुलाकात के बाद यह तय माना जा रहा था कि वे टीवीके का हिस्सा बनने जा रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि पार्टी उन्हें संगठनात्मक महासचिव जैसे किसी महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी सौंप सकती है, जिससे पार्टी के विस्तार और मजबूती में नया अध्याय जुड़ सकता है।
कार्यक्रम में विजय के साथ टीवीके के वरिष्ठ नेता और सेंगोट्टैयन के समर्थकों की बड़ी उपस्थिति देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेतृत्व ने सेंगोट्टैयन के राजनीतिक अनुभव और संगठन क्षमता की सराहना की। माना जा रहा है कि उनके जुड़ने से टीवीके को ग्रामीण और पारंपरिक एआईएडीएमके वोटरों तक पहुंच बनाने में महत्वपूर्ण फायदा मिलेगा।
यह कदम तमिलनाडु की राजनीतिक जमीन पर नए समीकरण तैयार कर सकता है, खासकर तब जब प्रदेश में नए राजनीतिक विकल्पों की तलाश मतदाताओं के बीच बढ़ रही है।