हरिद्वार DM का तड़के निरीक्षण! बस अड्डे की सफाई में मिली बड़ी खामियां

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ और आकर्षक बनाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार सुबह अचानक रोडवेज बस अड्डे का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद डीएम स्वयं धरातल पर उतरकर सफाई व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने कहा कि हरिद्वार न सिर्फ उत्तराखंड की धार्मिक पहचान है, बल्कि चारधाम यात्रा का प्रमुख प्रवेश द्वार भी है। प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु हरकी पैड़ी पर गंगा स्नान और यात्रा के लिए यहां पहुंचते हैं, इसलिए क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने परिवहन निगम के एजीएम सहित संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि बस अड्डे पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई सिर्फ दिन में ही नहीं, बल्कि सुबह, शाम और रात्रि के समय भी नियमित रूप से होनी चाहिए, ताकि यात्रियों को हर समय स्वच्छ वातावरण मिल सके।

जिलाधिकारी ने साफ-सफाई की जिम्मेदारी संभाल रही एजेंसी एसके इंटरप्राइजेज के कर्मचारियों को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि कार्य में ढिलाई पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि यात्रियों की जानकारी के लिए लगाए गए इलेक्ट्रॉनिक साइन बोर्ड खराब हालत में पड़े हुए थे और काफी समय से संचालित नहीं हो रहे थे। इस पर डीएम ने तुरंत इन्हें दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बस अड्डे में पेयजल की उपलब्धता पर भी चिंता जताई और खराब पड़े वाटर कूलरों को तुरंत ठीक कराने के आदेश दिए। साथ ही नगर निगम और पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए कि बस अड्डे के आसपास सड़क किनारे या फुटपाथ पर किए गए सभी अतिक्रमणों को तत्काल हटाया जाए, जिससे यात्रियों की आवाजाही में कोई बाधा न हो।

निरीक्षण के दौरान मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.