देव दीपावली पर धस्माना दंपति ने किया महाकालेश्वर में दीपदान, झिलमिलाया पूरा मंदिर परिसर

देहरादून। राजपुर स्थित महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार देर शाम देव दीपावली के पावन अवसर पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना अपनी धर्मपत्नी डॉ. पिंकी धस्माना के साथ मंदिर पहुंचे और सपत्नीक दीपदान किया। इस दौरान सैकड़ों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में पूरा मंदिर परिसर दीपों की रौशनी से आलोकित हो उठा।

कार्तिक पूर्णिमा पर मनाई जाने वाली देव दीपावली त्रिपुरासुर वध से जुड़ी पौराणिक कथा से संबंधित है। ऐसा माना जाता है कि जब भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध किया तो देवताओं ने प्रसन्न होकर दीपावली मनाई थी। तभी से देव दीपावली का पर्व दीपदान की परंपरा के साथ मनाया जाता है।

श्री धस्माना ने श्रद्धालुओं को देव दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कार्तिक अमावस्या से लेकर मंगसीर माह तक उत्तराखंड दीप पर्वों की रोशनी में नहाया रहता है। दीपावली के बाद इगास-बग्वाल, देव दीपावली और फिर मंगसीर बग्वाल से पूरा प्रदेश राममय हो जाता है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, सत्य और निष्ठा की प्रेरणा देता है। राम हमें यह सिखाते हैं कि भक्ति निष्कपट होनी चाहिए, छल-प्रपंच से रहित।

कार्यक्रम के दौरान मंच पर राम दरबार व हनुमान भक्ति पर आधारित नाटिका प्रस्तुत की गई, जिसने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। दीपों से सजा मंदिर प्रांगण श्रद्धा और भक्ति के रंग में डूबा नजर आया।

इस अवसर पर प्रसिद्ध संत हठ योगी जी ने भक्तों को आशीर्वाद दिया, वहीं मंदिर समिति के अध्यक्ष अजय गोयल ने सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में पार्षद महिमा पुंडीर, पूर्व पार्षद उर्मिला थापा, राजीव शर्मा, अभय उनियाल, अरुण शर्मा सहित बड़ी संख्या में भक्त उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.