देवस्थान विकास पर फोकस: मनसा देवी सहित प्रमुख मंदिर परिसरों में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बढ़ेंगी – सीएम धामी

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के प्रमुख मंदिर परिसरों के सुनियोजित विकास, धारण क्षमता में वृद्धि, और व्यवस्थित दुकान प्रबंधन पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं के लिए दर्शन व्यवस्था को अधिक सुगम और सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने सोमवार को सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक के दौरान यह दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि हरिद्वार स्थित मनसा देवी और चंडी देवी मंदिर, टनकपुर का पूर्णागिरि धाम, नैनीताल का कैंची धाम, अल्मोड़ा का जागेश्वर मंदिर, पौड़ी का नीलकंठ महादेव मंदिर समेत राज्य के अन्य प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए व्यवस्थाएं सुदृढ़ और आधुनिक बनाई जाएं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंदिर परिसरों में भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालु पंजीकरण, पैदल मार्गों और सीढ़ियों का चौड़ीकरण, अतिक्रमण हटाना, और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही, दर्शनार्थियों की संख्या को नियंत्रित करते हुए चरणबद्ध दर्शन व्यवस्था लागू की जाए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के आयुक्तों की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया जाए, जिसमें संबंधित जिलों के जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, विकास प्राधिकरणों के उपाध्यक्ष और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि सदस्य के रूप में शामिल होंगे।

बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, एस.एन. पांडेय, आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पांडेय, अपर पुलिस महानिदेशक एपी अंशुमन, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते, और अपर सचिव बंशीधर तिवारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.