मुख्यमंत्री धामी ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
हल्द्वानी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को एफटीआई परिसर, हल्द्वानी में आयोजित ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने की अपील की।
कार्यक्रम में कुमाऊं कमिश्नर एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत, कुमाऊं की आईजी रिद्धिम अग्रवाल, विधायक बंशीधर भगत, भाजपा ज़िला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट, तथा प्रशासन, पुलिस और भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री धामी ने पत्रकारों से बातचीत में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण को लेकर मतदाताओं से घर से बाहर निकलकर भारी संख्या में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने और गांवों में सशक्त नेतृत्व स्थापित करने के लिए हर मतदाता की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है।