उत्तराखंड बना निवेशकों की पहली पसंद, रुद्रपुर में उत्सव के साथ दिखी विकास की झलक”

देहरादून। उत्तराखंड में निवेश को लेकर एक ऐतिहासिक पड़ाव पार करते हुए राज्य सरकार द्वारा दिसंबर 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के बाद अब तक 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश धरातल पर उतर चुका है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि को और आगे ले जाने के उद्देश्य से राज्य सरकार शनिवार को रुद्रपुर में उत्तराखंड निवेश उत्सव का आयोजन कर रही है। यह उत्सव भारत में पहली बार किसी राज्य सरकार द्वारा एक करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की ग्राउंडिंग के बाद किया जा रहा है।

इस महत्वपूर्ण आयोजन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता होगी, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। यह कार्यक्रम रुद्रपुर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार दोपहर 12 बजे शुरू होगा। इस आयोजन में राज्य के विभिन्न उद्योग समूहों के प्रतिनिधि, निवेशक, उद्यमी और अन्य गणमान्य अतिथि हिस्सा लेंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के दौरान उद्योग समूहों के साथ जो भी एमओयू किए गए थे, वे अब तेज़ी से धरातल पर उतर रहे हैं। इससे राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं और आर्थिक गतिविधियां तेज़ हो रही हैं। राज्य सरकार हर उद्योगपति को आवश्यक नीति, सहयोग और बुनियादी ढांचे की सुविधा प्रदान कर रही है।”

दिसंबर 2023 की समिट और एमओयू की स्थिति:

राजधानी देहरादून में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में कुल 3,57,693 करोड़ रुपये के 1779 एमओयू साइन किए गए थे, जिससे राज्य में 81,327 रोजगार सृजन की संभावनाएं बनीं। अब तक इनमें से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की ग्राउंडिंग (यानी निवेश धरातल पर उतरना) हो चुकी है। यह उत्तराखंड के औद्योगिक विकास के इतिहास में मील का पत्थर माना जा रहा है।

प्रमुख क्षेत्रों में हुए निवेश और ग्राउंडिंग की स्थिति:

  • ऊर्जा क्षेत्र:
    • कुल एमओयू: ₹1,03,459 करोड़ (157 एमओयू)
    • संभावित रोजगार: 8,472
    • अब तक ग्राउंडिंग: ₹40,341 करोड़
  • उद्योग क्षेत्र:
    • कुल एमओयू: ₹78,448 करोड़ (658 एमओयू)
    • संभावित रोजगार: 44,663
    • अब तक ग्राउंडिंग: ₹34,086 करोड़
  • आवास क्षेत्र:
    • कुल एमओयू: ₹41,947 करोड़ (125 एमओयू)
    • संभावित रोजगार: 5,172
    • अब तक ग्राउंडिंग: ₹10,055 करोड़
  • पर्यटन क्षेत्र:
    • कुल एमओयू: ₹47,646 करोड़ (437 एमओयू)
    • संभावित रोजगार: 4,694
    • अब तक ग्राउंडिंग: ₹8,635 करोड़
  • उच्च शिक्षा क्षेत्र:
    • कुल एमओयू: ₹6,675 करोड़ (28 एमओयू)
    • संभावित रोजगार: 4,428
    • अब तक ग्राउंडिंग: ₹5,116 करोड़
  • अन्य क्षेत्र:
    • कुल एमओयू: ₹79,518 करोड़ (374 एमओयू)
    • संभावित रोजगार: 13,898
    • अब तक ग्राउंडिंग: ₹3,292 करोड़

निवेश उत्सव के उद्देश्य:

उत्तराखंड निवेश उत्सव का मुख्य उद्देश्य राज्य में निवेश के लिए सकारात्मक माहौल को और अधिक बढ़ावा देना है। सरकार चाहती है कि निवेशक उत्तराखंड में निवेश करें जिससे राज्य की आर्थिक गतिविधियां तेज हों और युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिल सके। इस आयोजन में निवेशकों को राज्य की नई उद्योग नीतियों, बुनियादी ढांचे, पर्यटन, ऊर्जा, और शिक्षा क्षेत्र में निवेश के अवसरों से भी अवगत कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की शांत प्राकृतिक स्थिति, मजबूत कानून व्यवस्था और सरकार की निवेशअनुकूल नीतियों के कारण राज्य देशभर के निवेशकों की पहली पसंद बनता जा रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार निवेशकों को “रेड टेप” से मुक्त, तेज़ और पारदर्शी प्रक्रिया उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.