पूर्व सूबेदार विक्रम सिंह कंडारी को थल सेना अध्यक्ष ने किया सम्मानित, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने दी बधाई

देहरादून । उत्तराखंड राज्य के लिए गर्व की बात है कि श्रीनगर विधानसभा के पैठाणी क्षेत्र निवासी सेवानिवृत्त सूबेदार विक्रम सिंह कंडारी को भारतीय थल सेना अध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने उन्हें अपने शासकीय आवास पर आमंत्रित कर व्यक्तिगत रूप से बधाई दी।

मंत्री रावत ने कहा कि विक्रम सिंह कंडारी ने अपने सैन्य जीवन में अनुकरणीय सेवा प्रदान की और आज भी सेवानिवृत्त होने के बाद पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं शहीद परिवारों की सहायता में निरंतर सक्रिय हैं। उनकी यह सेवा भावना समाज के लिए एक प्रेरणा स्रोत है।

उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्र उनके योगदान के लिए सदैव कृतज्ञ रहेगा। उनकी मेहनत और समर्पण का ही परिणाम है कि आज उन्हें देश की सबसे बड़ी सैन्य संस्था द्वारा सम्मानित किया गया है। यह न केवल श्री कंडारी बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है।

इस अवसर पर मंत्री रावत ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि सरकार हमेशा ऐसे समर्पित पूर्व सैनिकों के साथ खड़ी रहेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.