Delhi Rain: राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार सुबह भारी बारिश के कारण नजफगढ़ इलाके में एक मकान के ढहने से तीन बच्चों और एक महिला की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मौसम के अचानक बदलने के कारण भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। दिल्ली के कई हिस्सों में जलजमाव हो गया है। यहां तक कई हिस्सों में पेड़ तक उखड़ गए हैं।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हमें सुबह पांच बजकर 25 मिनट पर नजफगढ़ के खड़खड़ी नहर गांव में मकान ढहने की सूचना मिली। हमने मौके पर कई टीम तैनात कीं और मलबे से चार लोगों को निकाला।’’
अधिकारी ने बताया कि इन लोगों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने कहा, ‘‘हमने मामले की जानकारी पुलिस को दे दी है।’’