एक ऐसा तिरंगा जिसके लिए फांसी चढ़ गए

डॉ. श्रीगोपाल नारसन एडवोकेट
भारत की शान तिरंगा हमें अपने प्राणों से भी प्यारा है।इस तिरंगे के लिए हम भारतीय हंसते हंसते अपने प्राणों का बलिदान दे देते है।तिरंगे का इतिहास भी निराला है।तिरंगा यानि भारतीय राष्‍ट्रीय ध्‍वज को इसके वर्तमान स्‍वरूप में 22 जुलाई सन1947 को आयोजित भारतीय संविधान सभा की बैठक के दौरान अपनाया गया था।इस तिरंगे को 15 अगस्‍त सन1947 और 26 जनवरी सन1950 के बीच भारत के राष्‍ट्रीय ध्‍वज के रूप में अपनाया गया था। तिरंगे का डिजाइन आंध्रप्रदेश के पिंगली वैंकैया ने बनाया था।राष्ट्र ध्वज तीन रंगों से मिलकर बना है-  जिसमें केसरिया, सफेद और हरे रंग है।वर्तमान के राष्ट्रीय ध्वज से पहले भी कई राष्ट्र ध्वज बन चुके हैं। सन 1921 में पिंगली वेंकैया ने केसरिया और हरा झंडा बनाया  था। फिर जालंधर के लाला हंसराज ने इसमें चर्खा जोड़ा और गांधीजी ने सफेद पट्टी जोड़ने का सुझाव दिया था।सबसे पहले लाल, पीले और हरे रंग की हॉरिजॉन्टल पट्टियों पर बने झंडे को 7 अगस्त सन 1906 को पारसी बागान चौक (ग्रीन पार्क), कोलकाता में फहराया गया था।उंक्त ध्वज फैहराते समय गाए गए वंदे मातरम में हजारों की भीड़ जुटी थी।दूसरे ध्वज को सन1907 में पेरिस में मैडम कामा और उनके साथ निकाले किए गए कुछ क्रांतिकारियों ने फहराया गया था। यह पहले ध्‍वज की तरह ही था। इसमें सबसे ऊपर बनी पट्टी पर सात तारे सप्‍तऋषि को दर्शाते थे जबकि एक कमल था।
तीसरा ध्वज सन 1917 में डॉ. एनी बीसेंट और लोकमान्‍य तिलक ने घरेलू शासन आंदोलन के दौरान इसे फहराया।इस ध्‍वज में 5 लाल और 4 हरी क्षैतिज पट्टियां एक के बाद एक और सप्‍तऋषि के स्वरूप में इस पर बने सात सितारे थे।बाईं ओर ऊपरी किनारे पर यूनियन जैक था और दाईं तरफ ऊपरी किनारे पर सफेद अर्धचंद्र और सितारा बना था।चौथा ध्वज अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के सत्र के दौरान सन 1921 में बेजवाड़ा में फहराया गया था। यह दो रंगों लाल और हरे से बना था जो हिंदू और मुस्लिम दोनों समदायों को दर्शाता था।गांधी जी ने यह सुझाव दिया था कि भारत के बाकी का प्रतिनिधित्व करने के लिए इसमें एक सफेद पट्टी और एक चलता हुआ चरखा होना चाहिए।
पांचवा ध्वज सन1931 में फहराया गया।यह ध्‍वज भारतीय राष्ट्रीय सेना का संग्राम चिन्ह भी था।लेकिन अंततः 22 जुलाई सन 1947 को आया केसरिया, सफेद और हरा रंग का झंडा अपनाया।   इसके बीचों बीच अशोक चक्र भी बना है, जिसमें 24 तिल्लियां होती हैं। तिरंगे को इंडियन नेशनल कांग्रेस ने भारत के स्वतंत्र होने से कुछ समय पहले ही अपना लिया था।यानि हम कह सकते है कि मौजूदा तिरंगा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की देन है।जिसके प्रति पूरा देश श्रद्धा भाव रखता है।
“विजयी विश्व तिरंगा प्यारा
झंडा ऊंचा रहे हमारा”श्यामलाल गुप्त ‘पार्षद’ द्वारा रचित इस लोकप्रिय गीत का सौंदर्यशास्त्र तिरंगे पर ही आधारित है। परंतु इस तिरंगे के अंतिम स्वरूप के उद्भव की कहानी भी अत्यंत रोचक कही जा सकती है। सन 1857 की क्रांति के बाद, भारत पर अपने औपनिवेशिक शासन की प्रतीकात्मक पुष्टि करने हेतु, अंग्रेजों ने एक ध्वज का निर्माण किया था। पश्चिमी प्रारूप पर आधारित इस ध्वज के बाएं कोने पर जहां ब्रिटिश हुकूमत का चिन्ह ‘यूनियन जैक’ था वहीं दाएं हिस्से में ‘स्टार ऑफ इंडिया’ स्थित था।भारत में प्रथम राष्ट्रीय ध्वज निर्माण करने का श्रेय स्वामी विवेकानंद की आयरिश अनुयायी सिस्टर निवेदिता को जाता है।सन 1904 में उनके द्वारा बनाए गए ध्वज को ‘निवेदिता फ्लैग’ भी कहा जाता है। मूलतः लाल रंग के ध्वज में पीले रंग का बॉर्डर था। इसके बीचो बीच भगवान इंद्र के अस्त्र -‘वज्र’ और ‘कमल’ एक संयुक्त चिन्ह स्थित था। इस ध्वज में लाल रंग संघर्ष का प्रतीक था, पीला रंग विजय का, वज्र शौर्य और पराक्रम का, और कमल शुचिता का। इसके बीचो-बीच बांग्ला में वंदे मातरम लिखा हुआ था।7 अगस्त, सन1906 को कोलकाता के ग्रीन पार्क में फहराये गए राष्ट्रीय ध्वज के  प्रारूप में लाल, पीले और हरे रंगों की तीन पट्टियां थीं। माना जाता है कि इस ध्वज का डिजाइन स्वतंत्रता सेनानी सचिंद्र प्रसाद बोस और हेमचंद्र कानूनगो ने किया था।यह ध्वज ‘लोटस फ्लैग’ या ‘कोलकाता फ्लैग’ के नाम से प्रसिद्ध हुआ। इस ध्वज में बीचोबीच स्थित पीली पट्टी पर वंदे मातरम लिखा हुआ था। इसके अतिरिक्त इस ध्वज में, एक सूर्य, एक अर्धचंद्र, कमल के 8 पुष्पों का प्रयोग किया गया था।
इसी ध्वज का एक संशोधित संस्करण सन 1907 में सामने आया था। जो मैडम भीकाजी कामा और उनके सहयोगी क्रांतिकारियों के संयुक्त प्रयास से तैयार किया गया। यह ध्वज 22 अगस्त सन1907 को जर्मनी के स्टुटगार्ड में फहराया गया। किसी विदेशी धरती पर फहराया गया यह भारत का पहला ध्वज था। इस ध्वज के एक अन्य संशोधित संस्करण में एक कमल और 7 तारकों  का प्रयोग किया गया था। यह सात ‘तारे’ सप्तऋषि का प्रतीक थे।सन1916 में मद्रास हाई कोर्ट के आर्थिक सहयोग से पिंगाली वेंकैया ने एक बुकलेट तैयार की जिसमें राष्ट्रीय ध्वज के 30 नमूने शामिल थे। इसके पश्चात सन1917 में होम रूल मूवमेंट के दौरान बाल गंगाधर तिलक और अनी बेसेंट ने एक नए राष्ट्रीय ध्वज का अनावरण किया। इसमें चार हरी और पांच लाल पट्टियां थीं। इस के दाएं हिस्से में अर्धचंद्र और एक तारा स्थित था तो वही बाएं हिस्से में ऊपर की तरफ अंग्रेजी यूनियन जैक मौजूद था। इसके अतिरिक्त सप्तऋषि के प्रतीक के रूप में 7 तारकों का भी प्रयोग किया गया था। यह वह पहला ध्वज था, जिस के प्रयोग पर अंग्रेजी हुकूमत द्वारा प्रतिबंध लगाया गया। प्रतिबंध लगने के बाद देशभर में व्यापक स्तर पर राष्ट्रीय ध्वज के महत्व की चर्चाएं होने लगीं। सन1920 में लीग ऑफ नेशंस में भारतीय प्रतिनिधि मंडल द्वारा एक ध्वज के प्रयोग पर भी ज़ोर दिया गया था।सन 1921 में गांधीजी ने अपनी पत्रिका ‘यंग इंडिया’ के एक लेख में राष्ट्रीय ध्वज के विचार पर देते हुए ऐसे ध्वज का सुझाव प्रस्तुत किया जिसके बीच में चरखा हो। ध्वज में चरखे का विचार पहली बार लाला हंसराज द्वारा रखा गया था। इस सुझाव पर कार्य करने हेतु गांधी ने पिंगाली वेंकैया से आग्रह किया।
‘गाँधी ध्वज’ की इस संकल्पना में मूल रूप से दो ही रंग थे – लाल और हरा। धार्मिक संवेदनशीलता का संज्ञान लेते हुए इसमें अन्य सभी धर्मों को समाहित करने हेतु लाल और हरे के अतिरिक्त एक सफेद पट्टी का सुझाव रखा गया। बाद में राष्ट्रीय ध्वज की संकल्पना को धार्मिक बहस से मुक्त करने हेतु गांधी ने रंगों की प्रतीकात्मकता को सत्य, शांति, शौर्य, पराक्रम जैसे व्यापक मूल्यों से जोड़ दिया।
13 अप्रैल सन 1923 को कांग्रेस की नागपुर कमेटी के कार्यकर्ताओं ने जलियांवाला बाग घटना से संबंधित एक कार्यक्रम में इस ध्वज का प्रयोग किया। इस प्रयोग पर पुलिसिया कार्रवाई में 5 कांग्रेस सदस्यों को हिरासत में लिया गया। कार्रवाई के विरोध में जमुना लाल बजाज ने मई में ध्वज सत्याग्रह का आगाज किया। जुलाई सन1923 में कांग्रेस की एक बैठक में सरोजिनी नायडू और नेहरू के आग्रह पर ध्वज सत्याग्रह को व्यापक समर्थन देने की मांग हुई। समर्थन दिया भी गया और आंदोलन के अंत तक लगभग 1500 से अधिक स्वतंत्रता सेनानियों को जेल का रुख़ भी करना पड़ा था। सन 1931 में कांग्रेस ने कराची अधिवेशन में स्वराज ध्वज को अपनाया। पिंगाली वेंकैया द्वारा निर्मित इस ध्वज में ऊपरी पट्टी के रंग को लाल की जगह केसरिया रखा गया जो कि शौर्य और साहस का प्रतीक था। सबसे निचली पट्टी हरे रंग की थी और बीच में सफेद रंग की पट्टी पर चरखे का चिन्ह बना हुआ था।
कालांतर में राष्ट्रीय ध्वज के इसी संस्करण में, चरखे की जगह 24 तीलियों वाले अशोक चक्र (धर्म चक्र) ने ली। इसी परिवर्तन के साथ, राष्ट्रीय ध्वज के इस स्वरूप को 22 जुलाई सन 1947 को संविधान सभा की एक बैठक में भारत के राष्ट्रीय ध्वज के रूप में अपनाया गया।
इस नवीनतम राष्ट्रीय ध्वज में केसरिया रंग जहां अपनी प्रतीकात्मकता में शौर्य और साहस को समेटे हुए है,वहीं हरा रंग समृद्धि एवं प्रगति को और सफेद रंग शांति और सत्य को। अशोक चक्र एक धर्म चक्र के प्रतीक के रूप में स्थापित हुआ।
हालांकि इस बात को लेकर बहस बनी हुई है कि राष्ट्रीय ध्वज पर चरखे के स्थान पर धर्म चक्र का सुझाव किसने दिया। इस विचार के जनक के रूप में बदरुद्दीन और सुरैया तैयब का नाम सामने आता रहा है परंतु इस पर अभी एक आम राय नहीं बन पाई है।
2 अगस्त सन1876 को आंध्र प्रदेश के मौसोलीपटनम में जन्मे पिंगाली वेंकैया की लेखन, कृषि, भूगर्भ विज्ञान में विशेष रुचि रही। दक्षिण अफ्रीका में अंग्रेजी सेना की तरफ से एंग्लो बोयर युद्ध में तैनाती के दौरान 19 वर्षीय पिंगाली वेंकैया की भेंट गांधी से हुई। गांधी के व्यक्तित्व और विचारधारा से प्रभावित होकर गांधी के पीछे पीछे वह भी भारत लौट आये और अपने अंतिम क्षणों तक स्वयं को भारतीय भूमि की सेवा में समर्पित किया। सन 2009 में पिंगाली वेंकैया पर एक डाक टिकट भी जारी हुआ और 2014 में उन्हें भारत रत्न देने की अनुशंसा भी की गई। यह प्रस्ताव अभी तक भारत सरकार के पास लंबित है। परंतु राष्ट्रीय ध्वज के चित्रकार पिंगाली वेंकैया अपने योगदान के कारण भारतीयता की संकल्पना का एक अभिन्न अंग बन गए हैं।जिस पर पूरा देश गर्व करता है।
(लेखक अमर शहीद जगदीश प्रसाद वत्स के भांजे व वरिष्ठ पत्रकार है)

Leave a Reply