रुड़की के पूर्व पालिकाध्यक्ष दिनेश कौशिक भाजपा में शामिल

हरिद्वार। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और रुड़की नगर पालिका के अध्यक्ष रहे पंडित दिनेश कौशिक एवं भारतीय किसान यूनियन की नेत्री रश्मि चौधरी ने आज भाजपा उम्मीदवार त्रिवेंद्र सिंह रावत का समर्थन करते हुए कांग्रेस छोड़ दी।

रुड़की नगर में ट्रक यूनियन पर आज हुई त्रिवेंद्र सिंह रावत की चुनावी सभा में लंबे समय तक कांग्रेस की राजनीति करने वाले पूर्व पालिकाध्यक्ष और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पंडित दिनेश कौशिक, श्रीमती रश्मि चौधरी ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा ज्वॉइन की। इस दौरान त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि इन दोनों नेताओं के भाजपा में शामिल होने से उनको मजबूती मिलेगी तो, वहीं भाजपा भी और अधिक मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में विभिन्न दलों के नेता एवं कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो रहे हैं। दोनों नेताओं का त्रिवेंद्र सिंह रावत द्वारा पटका पहनकर स्वागत किया गया। श्रीमती रश्मि चौधरी ने भाजपा प्रत्याशी त्रिवेंद्र सिंह रावत को चांदी का मुकुट पहनाकर उनका सम्मान किया। कांग्रेस छोड़कर संजय पाल ने भी अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल होने की घोषणा की।

वरिष्ठ भाजपा नेता मयंक गुप्ता तथा सौरभ भूषण शर्मा के संचालन में हुई इस सभा में दर्जा प्राप्त मंत्री विनय रोहिला, राज्यसभा सांसद डा. कल्पना, भाजपा जिलाध्यक्ष शोभाराम प्रजापति, युवा नेता अक्षय प्रताप सिंह, सुशील त्यागी, आदेश सैनी, संजीव तोमर, नवीन जैन एडवोकेट, अभिषेक चंद्रा, नरेश शर्मा, प्रदीप चौधरी, राजेंद्र चौधरी, चौधरी रोबिन सिंह जाखन, डॉ. अनिल शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply