पंजाब में सभी लोकसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का खड़गे ने किया ऐलान

कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुटता के साथ चुनाव की तैयारी करने के निर्देश

चंडीगढ़। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पंजाब के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुटता के साथ चुनाव की तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में कांग्रेस पार्टी सभी 13 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और जनता के सहयोग से सभी सीटें जीतेगी।

मल्लिकार्जुन खड़गे रविवार को पंजाब के लुधियाना में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार पंजाब पहुंचे खड़गे ने आईएनडीआईए गठबंधन से अलग अपने बल पर चुनाव लड़ने के साफ संकेत देते हुए कार्यकर्ताओं को एकजुट किया। इससे पहले शनिवार को आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने भी पंजाब में आईएनडीआईए गठबंधन से अलग अपने दम पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया था।

रविवार को खड़गे ने जनसभा के दौरान अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन का ऐलान करते हुए कहा है कि केंद्र सरकार ने पिछले दस वर्षों के दौरान देश के किसानों और जवानों को बर्बाद किया है। केंद्र में कांग्रेस की सरकार आते ही तीनों कृषि कानूनों को पूरी तरह से रद्द किया जाएगा।

पंजाब के समराला में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस की पहली चुनावी रैली को संबोधित करते हुए खड़गे ने कहा कि पंजाब के किसान अपने हकों की लड़ाई के लिए दिल्ली कूच कर रहे हैं। समूची कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार किसानों को खत्म कर सब कुछ कॉर्पोरेट सेक्टर को देना चाहती है। खड़गे ने कहा कि पंजाब के नौजवान अगर सेना में अग्निवीर के बजाए पक्की भर्ती चाहते हैं तो केंद्र की भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करने के लिए कांग्रेस का साथ दें। कांग्रेस की सरकार आते ही अग्निवीर योजना को समाप्त करके पक्की भर्तियां की जाएंगी। खड़गे ने यूपीए सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि आज केंद्र सरकार के मंत्री पुराने कामों का नवीनीकरण करके उनका दोबारा उद्घाटन कर रहे हैं।

Leave a Reply