तेजी से विकास कार्याें को आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है : धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य के सामरिक, धार्मिक व पर्यावरणीय महत्व को समझते हुए बड़ी परियोजनाओं पर काम शुरू किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड राज्य में तेजी से विकास कार्याें को आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्र विकास परियोजना व पर्वतमाला जैसी योजनाएं विकास के साथ-साथ सुरक्षा की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने ये बातें शुक्रवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का स्वागत और अभिनंदन करते हुए कही। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जोशीमठ ढाक से सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) द्वारा निर्मित 35 परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए देश को समर्पित किया। इसमें सात राज्यों की 6 सड़कें और 29 ब्रिज शामिल हैं। परियोजनाओं को बीआरओ द्वारा 670 करोड़ की लागत पर पूरा किया गया।

इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे लाइन, सीमांत क्षेत्र विकास परियोजना एवं पर्वतमाला जैसी योजनाएं विकास के साथ-साथ सुरक्षा की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए राज्य सरकार विकल्प रहित संकल्प के साथ पूरे मनोरथ से काम कर रही है। सीमावर्ती क्षेत्रों में अवसंरचना विकास कार्याें को गति प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री ने बीआरओ की पूरी टीम को बधाई और शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला अध्यक्ष रमेश मैखुरी, बीकेटीसी उपाध्यक्ष किशोर पंवार, जिलाधिकारी हिमांशु खुराना, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव समेत अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply