कांग्रेसी हौसला खो चुके हैं, पागलपन पर उतारू : रावत

नैनीताल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रकाश रावत ने कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश पर हमला बोलते हुए उनके बयान को हास्यासपद बताया कि राज्य सरकार सदन में विपक्ष की आवाज दबा रही है। श्री रावत ने कहा कि प्रदेश की जनता ने स्वयं देखा है कि किस प्रकार विपक्ष के विधायक विधानसभा की अध्यक्ष के साथ अभद्रता कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि वास्तव में स्थिति यह है कि पूरे देश व प्रदेश में जनता द्वारा नकार दिये जाने के बाद कांग्रेस के लोग अपना हौसला खो चुके हैं और पागलपन की हरकत पर उतारू हो गए हैं। पार्टी की ओर से जारी बयान में श्री रावत ने कहा कि एक वर्ष तक स्थानीय विधायक ने अपनी विधानसभा हल्द्वानी के लिए कुछ नहीं किया है।

उनका मकसद महज सुनियोजित विकास में बाधा पहुचाना रहा है। एक तरफ विधायक विधानसभा क्षेत्र में कैथ लैब एवं ड्रेनेज सिस्टम स्थापित करने के लिए 650 करोड़ रूपये देने के लिए सरकार का आभार व्यक्त कर रहे हैं और दूसरी ओर सरकार की आलोचना भी कर रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि उनकी सरकार ने काठगोदाम में बस अड्डे के निर्माण के लिए भी 57 करोड़ रूपये जारी किए हैं।

उन्होने कहा कि जब जब उत्तराखण्ड में कांग्रेस सरकार रही है, तब तब विकास कार्यों में लूट खसोट रही है। स्वयं इनके पूर्व मुख्यमंत्री विडियो में लेन देन की बात करते हुए दिखाई दिये। उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री धामी प्रदेश के सुनोयोजित विकास के साथ ही कांग्रेस के जमाने से फैले भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने का काम कर रहे हैं। आज तक भर्तियों में घोटाले होते रहे हैं। उनकी सरकार ने सशक्त कानून बनाकर नकल माफिया पर लगाम लगाने का काम किया है। यही नहीं धर्मान्तरण विरोधी, समान नागरिक संहिता से जुड़े सख्त कानून बनाये जा रहे हैं।

Leave a Reply