जोशीमठ में 224 प्रभावितों के बीच 3.36 करोड़ हुए वितरित

देहरादून। उत्तराखंड के चमोली जिले के जोशीमठ नगर क्षेत्र में हो रहे भू-धंसाव एवं भूस्खलन के उपरान्त राज्य सरकार द्वारा किये जा रहे राहत व बचाव तथा स्थायी/अस्थायी पुनर्वास आदि से सम्बन्धित किये जा रहे कार्यों के तहत अब तक 224 प्रभावित लोगों के बीच 3.36 करोड़ रुपये की धनराशि वितरित की गयी है।

आपदा प्रबन्धन सचिव डा. रंजीत कुमार सिन्हा ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि जोशीमठ में अग्रिम राहत के तौर पर 3.36 करोड़ रुपये की धनराशि 224 प्रभावित भूस्वामियों को वितरित कर दी गई है। इसके अलावा 95 प्रभावित किरायेदारों को 47.50 लाख की धनराशि तत्काल राहत के रूप में वितरित की गई है। उन्होंने बताया कि जोशीमठ में उद्यान विभाग की भूमि पर मॉडल प्री फैब्रिकेटेड शेल्टर निर्माणाधीन है।

शीघ्र निर्माण कार्य पूरा होने की संभावना है। चमोली के ढाक गांव में प्री फैब्रिकेटेड ट्रांजिशन सेंटर हेतु भूमि विकास का कार्य जारी है। सर्वेक्षण में दरारों वाले भवनों की संख्या में बढ़ोतरी नहीं हुई है। सचिव ने जानकारी दी है कि जोशीमठ में प्रारम्भ में निकलने वाले पानी का डिस्चार्ज जो कि 06 जनवरी 2023 को 540 एलपीएम था, वर्तमान में घटकर 171 एलपीएम हो गया है।

अस्थायी रूप से चिन्हित राहत शिविरों में जोशीमठ में कुल 661 कक्ष हैं जिनकी क्षमता 2957 लोगों की है तथा पीपलकोटी में 491 कक्ष हैं जिनकी क्षमता 2205 लोगों की है। अभी तक 863 भवनों में दरारें दृष्टिगत हुई है। उन्होनें जानकारी दी कि गांधीनगर में एक, सिंहधार में दो, मनोहरबाग में पांच, सुनील में सात क्षेत्र / वार्ड असुरक्षित घोषित किए गए हैं। प्रभावित इलाके में 181 भवन असुरक्षित क्षेत्र में स्थित है। साथ ही 250 परिवार सुरक्षा के दृष्टिगत अस्थायी रूप से विस्थापित किये गये हैं। विस्थापित परिवार के सदस्यों की संख्या 902 है। इसके अलावा 39 प्रभावित परिवार रिश्तेदारों या किराए के घरों में चले गए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.