सारी दुनिया में भारत को बदनाम कर रहे राहुल गांधी

सिंगरौली। केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा कि नफरत पैदा कर सत्ता पाने की कोशिश कर रहे हैं राहुल गांधी। सारी दुनिया में भारत को बदनाम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राजनीति केवल सरकार बनाने के लिए नहीं, बल्कि समाज और देश बनाने के लिए की जानी चाहिए। सिंह ने मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में 25,500 गरीब परिवारों को मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना के तहत नि:शुल्क भू-खंड वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उक्त बातें कहीं।

उन्होंने कहा, इस समय एक नेता भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं, वो क्या-क्या बातें करते हैं? सिंह ने कहा, भारत अब पहले जैसा भारत नहीं रहा है। भारत बदल चुका है। जिस शौर्य और पराक्रम का परिचय हमारे जवानों ने दिया है, वह अद्भुत है। लेकिन ये कांग्रेस के नेता सेना के जवानों के बारे में कुछ भी बोल रहे हैं।

राजनाथ सिंह ने कहा, कांग्रेस के नेता हमारी सेना के शौर्य पर सवाल उठाते हैं। भारत टूटा (हुआ) देश है क्या, जो कांग्रेस के नेता भारत जोड़ने के लिए निकले हैं? भारत 1947 में टूट चुका है, अब नहीं टूटेगा। भारत अब पहले जैसा भारत नहीं रहा, जो चाहे आँख दिखाकर निकल जाये। सिंह ने कहा, आज राहुल गांधी चारों तरफ घूम-घूम कर कह रहे हैं कि हिंदुस्तान में चारों तरफ नफरत है।

क्या (प्रधानमंत्री नरेंद्र) मोदी जी नफरत फैला रहे हैं? क्या (मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री) शिवराज सिंह चौहान जी नफरत फैला रहे हैं? कहाँ इनको नफरत दिखाई देती है?

उन्होंने कहा, सारी दुनिया में भारत को कांग्रेस के नेता बदनाम कर रहे हैं। जिस भारत की इज्जत सारी दुनिया में बढ़ी है, जो भारत सारे विश्व को अपना परिवार मानता है, उसके बारे में राहुल गांधी क्या बोल रहे हैं।

सिंह ने आगे कहा, नफरत पैदा कर के राहुल गांधी सत्ता प्राप्त करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, हमारे भारत ने कभी जाति, पंथ और मजहब के आधार पर भेदभाव नहीं किया। भारत की आजादी में सभी ने योगदान दिया।

 

Leave a Reply