शहीदों का अपमान करने वाली पार्टी है कांग्रेस : योगी

वडोदरा।  गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण के प्रचार के अंतिम दिन  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस पर प्रहार करते हुये कहा कि हर मुद्दे पर नाकाम कांग्रेस सैनिकों और शहीदों का अपमान करती है वहीं आप से सावधान रहने की जरूरत है।

गुजरात में पहले चरण के चुनाव का प्रचार मंगलवार को थम गया। यहां पहली दिसंबर और 5 दिसंबर को चुनाव होने हैं।  योगी ने आज यहां चार विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों के लिए वोट मांगा। गुजरात, उत्तर प्रदेश और देश में भाजपा के सरकारों के कार्यों को गिनाया और कांग्रेस की नाकामियों की हुंकार जनता से भरवाई। उन्होने कहा कि कांग्रेस हर मुद्दे पर नाकाम है वहीं आम आदमी पार्टी झाड़ू मारकर सब झाड़ ले जायेगी।इससे सावधान रहिए।

लूणावाड़ा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी जिग्नेश भाई सेवक व बालासिनोर से मान सिंह चौहान के पक्ष में उतरे  योगी ने सबसे पहले उन्होंने विद्वानों की धरती और छोटी काशी लूणावाड़ा को जयश्री राम किया। उन्होने कहा कि भारत दुनिया की बड़ी ताकत बन रहा है। 2014 के पहले कांग्रेस ने देश में अविश्वास, अराजकता, भ्रष्टाचार फैलाया था।

जनमानस को शासन-प्रशासन पर विश्वास नहीं रह गया था, ऐसे में सदैव संकट के साथी रहे गुजरात ने नरेंद्र मोदी को दिल्ली भेजकर राजनीति को नई पहचान दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 20 वर्ष पहले गुजरात में व्यवसाय व धार्मिक कार्यक्रम नहीं हो पाते थे, नौजवान रोजगार के लिए तरस रहा था पर सीएम मोदी के नेतृत्व में सरकार बनते ही गुजरात का नया मॉडल बना।

कांग्रेस दंगाइयों को प्रश्रय देने वाली पार्टी है। भाजपा 135 करोड़ लोगों को परिवार मानती है, जबकि कांग्रेस अपने कुनबे को ही परिवार मानती है। आज नर्मदा का पानी हर घर-गांव तक पहुंचाया गया। गुजरात में फिर सरकार आने पर आयुष्मान भारत की राशि 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख कर फ्री स्वास्थ्य बीमा दिलाया जाएगा। निराश्रित पेंशन में वृद्धि की बात हुई है। डबल इंजन की सरकार आपके हित में कार्य कर रही है।

उमेरठ विधानसभा क्षेत्र में सीएम योगी आदित्यनाथ ने भाजपा प्रत्याशी गोविंद भाई परमार के लिए रैली की। सीएम ने कहा कि गुजरात में जो जिस भाव से कार्य किया, उतना ही पूज्य हो गया। यह धरा आणंद को कर्मभूमि बनाने वाले सरदार पटेल की है। वे वर्तमान भारत के शिल्पी हैं। 563 रियासतों को भारतीय गणराज्य में मिलाना सामान्य बात नहीं थी। सरदार पटेल की दृढ़ इच्छाशक्ति के सामने जूनागढ़ व हैदराबाद के नवाब को घुटना टेकना पड़ा था। यह तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को आंख दिखा चुके थे।

दोनों नवाबों ने कहा कि हम स्वतंत्र अस्तित्व बनाएंगे अन्यथा पाकिस्तान के साथ जाएंगे। सरदार पटेल ने कहा कि ठीक है, मैं वहीं आता हूं। सरदार पटेल के आने के पहले ही जूनागढ़ का नवाब इतना तेजी से भागा कि अपने बच्चे और बीवी को यहीं भूल गया। उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति का कमाल है कि जूनागढ़ और हैदराबाद भी आज अखंड भारत का हिस्सा बना है।

योगी ने कहा कि दिल्ली से आए नमूने से सावधान रहिए। वह झाडू के नाम पर सब झाड़ कर ले जाएगा। कांग्रेस की राष्ट्रभक्ति पर सवाल उठाते हुए बताया कि भारत जोड़ो यात्रा में राष्ट्रगान के मंच पर फिल्मी गीत चलता है। कांग्रेस देश की सुरक्षा में सेंध लगाती है। यह सैनिकों, शहीदों का अपमान करने वाली पार्टी है। कांग्रेस देश की समृद्धि पर बैरियर लगाती है, जबकि भाजपा सुरक्षा, समृद्धि, विकास, लोककल्याण की गारंटी है।

Leave a Reply