मध्यप्रदेश पहुंची राहुल की यात्रा-कहा, हिंदुस्तान में फैलायी जा रही है नफरत, डर और हिंसा

बुरहानपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने आज मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले में प्रवेश किया।  राहुल गांधी ने कहा कि देश में नफरत, हिंसा और डर फैलाया जा रहा है और भारत जोड़ो यात्रा इसी के खिलाफ है।इस दौरान मंच पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और अन्य नेताओं ने श्री गांधी का स्वागत किया।

देश के किसान, श्रमिक और युवा सभी हैं परेशान

श्री गांधी ने कहा कि देश के किसान, श्रमिक और युवा सभी परेशान हैं। इन लोगों के मन में डर फैलाया जा रहा है। इन्हीं बातों के खिलाफ कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा निकालने का तय किया जो कन्याकुमारी से प्रारंभ हुयी। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि जब यात्रा प्रारंभ हुयी थी, तब विपक्ष ने कहा था कि यह यात्रा पैदल नहीं की जा सकती है। लेकिन हम कन्याकुमारी से मध्यप्रदेश तक आ गए हैं और यहां पर 370 किलोमीटर चलेंगे। हम जम्मू कश्मीर तक पैदल जाएंगे और श्रीनगर में तिरंगा फहराएंगे। ऐसा करने से हमें कोई नहीं रोक सकता है।

यात्रा में प्रियंका गांधी और राबर्ट वाड्रा भी शामिल होंगे

यात्रा में शामिल होने के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और उनके पति राबर्ट वाड्रा भी देर रात बुरहानपुर जिले में पहुंचेंगे। प्रियंका पहले इंदौर आएंगी और फिर सड़क मार्ग से बुरहानपुर पहुंचेंगी। वे 24 और 25 नवंबर को यात्रा में शामिल होने के बाद 26 नवंबर को वापस लौट जाएंगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, अरुण यादव, सुरेश पचौरी और अनेक नेता व पदाधिकारी यहां डेरा डाले हुए हैं। श्री गांधी राज्य में 12 दिनों के दौरान लगभग 380 किलोमीटर की दूरी तय कर आगरमालवा जिले से राजस्थान में 04 दिसंबर को प्रवेश कर जाएंगे। श्री गांधी इस दौरान बुरहानपुर के अलावा खरगोन,खंडवा, इंदौर, उज्जैन और आगरमालवा जिलों से भी निकलेंगे। श्री गांधी बुरहानपुर जिले के बाद खंडवा जिले के झिरी जाएंगे।

Leave a Reply