प्रेमचंद ने ग्रामीणों से जानीं समस्याएं

देहरादून। उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत मंगलवार/बुधवार की रात्रि में देहरादून जिले के चकराता विधानसभा क्षेत्र के समाल्टा ग्राम में प्रवास किया तथा ग्रामीणों से उनकी समस्याओं के बारे में जाना।

इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसंवाद किया एवं सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जन उपयोगी योजनाओं का बखान भी किया। इस दौरान मंत्री कार्यकर्ताओं के साथ ढोल की थाप पर भी थिरके। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार डा. अग्रवाल ने बुधवार सुबह समाल्टा स्थित चाल्दा महासू मंदिर में मत्था टेका और प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

इसके पश्चात साहिया में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री के रूप में पुष्कर सिंह धामी और देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त रूप से विकास को गति दी है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति के अनुरूप दोनों ही सरकारें कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने निर्णय लिया है कि जन समस्या की सुनवाई और समाधान के लिए सरकार के मंत्री गांव में प्रवास करेंगे और गांव के लोगों की समस्या को सुनकर उसका समाधान भी करेंगे। इसी निमित्त सहसपुर विकासनगर और चकराता विधानसभा में यह प्रवास कार्यक्रम चल रहा है। डा. अग्रवाल ने कहा कि केदारनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण एवं काशी विश्वनाथ मंदिर के लिए अभूतपूर्व कार्य प्रधानमंत्री जी ने किया है।

भारतीय संस्कृति के अनुरूप एवं भारत स्वाभिमान के मान बिंदुओं को पुनर्स्थापित करने का कार्य सरकार द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने जौनसार बावर की सामूहिक जीवन प्रणाली कृषि पर आधारित व्यवस्था की प्रशंसा की उन्होंने कहा कि जो मॉडल जौनसार बावर में कृषि और सामूहिक परिवार का है। वही मॉडल भारतीय संस्कृति में प्रारंभ से चलता आ रहा है जिसको हमारे पूर्वजों ने वसुधैव कुटुंबकम कहा है।

प्रवास के दौरान डा. अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और कार्यकर्ताओं के आधार पर ही यह पार्टी आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा वह समर्पित भाव से काम करते आए हैं। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष मीता सिंह, ब्लाक प्रमुख मठोर सिंह, मंडल अध्यक्ष अमर सिंह चौहान, सुशील अग्रवाल, रितेश अस्वाल, भारत चौहान, गीताराम तोमर, विवेक तोमर, प्रवीण चौहान, सुरेंद्र चौहान, संजय तोमर, विकास तोमर, सरदार सिंह किशन तोमर, दिनेश तोमर, आदि लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply