स्मृति शेष : अपना जन्मदिन मनाने नैनीताल आए थे राजू श्रीवास्तव, जताई थीं यहीं रहने की इच्छा

नैनीताल । घरेलू व साफ-सुथरी पर उपहास की जगह परिहास करते हुए गहरी चोट करने कॉमेडी के बादशाह, गजोधर भैया के नाम से प्रसिद्ध कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव का बुधवार सुबह देहावसान हो गया। उनके निधन का समाचार सुन नैनीताल में भी उनके चाहने वालों में दु:ख का माहौल है।


नगर के पत्रकार भी राजू श्रीवास्तव से करीब डेढ़ वर्ष पूर्व हुई मुलाकात को याद कर रहे हैं, जब वह 25 दिसंबर को अपना जन्मदिन मनाने नैनीताल जनपद के जिम कॉर्बेट पार्क आए थे और यहां से 29 दिसंबर 2020 को पत्नी व अन्य परिवार जनों के साथ नैनीताल आए थे।

यहां नितांत निजी-व्यक्तिगत व पारिवारिक दौरे पर पहुंचे राजू सर्दी के दिनों में मफलर व टोपी पहने हुए थे, फिर भी स्थानीय लोगों ने उन्हें पहचान लिया था। राजू ने पत्रकारों से चलते-चलते बात भी की थी और बताया था कि वह पहले भी नैनीताल आ चुके हैं। उन्हें नैनीताल बहुत पसंद है। उनकी इच्छा है कि वह यहीं रहें। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से वार्ता करते हुए रामनगर में बर्फ पड़ने की बात कहते हुए उन्हें भी हंसाने की कोशिश की थी।

विदित हो कि पिछले माह 10 अगस्त को जिम में व्यायाम करते हुए राजू श्रीवास्तव को हृदयाघात हुआ था। तभी से उनका उपचार चल रहा था। बुधवार को 41दिनों तक चले जीवन-मृत्यु के संघर्ष के बीच चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.