दिल्लीवासियों का कूड़े के पहाड़ बनने से जीना मुश्किल हो जाएगा : केजरीवाल

नयी दिल्ली। सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा राजधानी में 16 नए कूड़े के पहाड़ बनाने की योजना बना रही है, इससे दिल्लीवासियों का जीना मुहाल हो जाएगा इसलिए हम इसका सख्त विरोध करते हैं।

केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के अंदर हमने शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी समेत कई क्षेत्रों में काफी सुधार किए, लेकिन सफाई व्यवस्था बहुत खराब है। दिल्ली के अंदर चारों तरफ कूड़ा ही कूड़ा है। इसको लेकर सबको शर्म भी आती है कि हमारी दिल्ली इतनी गंदी क्यों है? खासकर ये जो तीन कूड़े के पहाड़ भलस्वा, गाजीपुर और ओखला हैं, इसके आसपास जितनी आबादी रहती है, उसके लिए तो बिल्कुल नरक की जिंदगी है।

उन्होंने कहा कि हमें इन तीनों पहाड़ों को खत्म करने की कोशिश करनी चाहिए थी और दुनिया के अन्य विकसित देशों में जैसी सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट की आधुनिक तकनीक को लाकर दिल्ली में लागू करने की कोशिश करनी चाहिए थी, लेकिन यह नहीं किया गया। आज इन तीनों कूड़े के पहाड़ों की स्थिति ऐसी है कि हजारों करोड़ रुपए खर्च करने के बाद भी इन पहाड़ों की ऊंचाई कम होने के बजाय प्रतिदिन बढ़ती जा रही है।

अब यह सुनने में आ रहा है कि ये लोग इन तीन पहाड़ों के अलावा 16 जगहों पर नए कूड़े का पहाड़ बनाने का प्लान बना रहे हैं। हम कल्पना कर सकते हैं कि अगर 16 कूड़े के पहाड़ पूरी दिल्ली में जगह-जगह बन गए, तो लगभग सारी दिल्ली के लोग 24 घंटे बदबू का शिकार होंगे। लोगों के घर में 24 घंटे बदबू आएगी। लगभग हर इलाके अंदर एक कूड़े का पहाड़ होगा। 24 घंटे इनसे बदबू आएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम लोगों ने एक तरफ पूरी दिल्ली में 500 तिरंगे लगाए। आज दिल्ली तिरंगों का शहर माना जाता है और ये दिल्ली को कूड़ों का शहर बना देंगे। हम दिल्ली के अंदर ढेरों झील बना रहे हैं। बहुत जल्दी दिल्ली झीलों का शहर माना जाएगा। हम दिल्ली के पार्क और गार्डेन को बहुत बड़े स्तर पर विकसित कर रहे हैं। कोई भी दिल्ली में आएगा, तो उसे खूबसूरत पार्क और गार्डन देखने को मिलेंगे।

Leave a Reply