गीता को तीलू रौतेली व रंजना को मिला आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सम्मान

रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग जिले के त्यूड़ी ग्राम निवासी गीता रावत को तीलू रौतेली पुरस्कार एवं रंजना अवस्थी को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सम्मान मिलने पर जनप्रतिनिधियों, स्थानीय लोगों एवं स्वयं सेवी संस्थाओं ने खुशी व्यक्त की। सोमवार को देहरादून में राज्यपाल गुरमीत सिंह एवं महिला व बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने प्रमाण पत्र तथा स्मृति चिन्ह भेंट किया।
हर वर्ष राज्य में अलग-अलग क्षेत्रों में उत्ष्टकार्य करने वाली महिलाओं को तीलू रौतेली पुरस्कार दिया जाता है। गीता रावत को आजीविका संवर्धन के क्षेत्र में उत्ष्टकार्य  के लिए पुरस्कार दिया गया। त्यूड़ी निवासी गीता रावत ने ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने के साथ ही महिला समूह के साथ केदारनाथ धाम के लिए प्रसाद भी तैयार किया। साथ ही महिलाओं द्वारा रेशम के बैग भी तैयार किए जा रहे हैं।

वहीं ग्रामीण महिलाओं द्वारा चौलाई के लड्डू तैयार किए जा रहे हैं। जिन्हें प्रसाद के तौर पर केदारनाथ आने वाले श्रद्धालुओं को दिया जाता है। वहीं अब महिलाएं चौलाई का उत्पादन कर समूहों को बेच रही हैं, जिससे अच्छी आमदनी भी हो रही है। गीता रावत पिछले चार सालों से महिलाओं के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि शुरू में जब आजीविका संवर्धन के क्षेत्र में कार्य शुरू किया था तो कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन आज उन्हें लगता है कि अगर दृढ़ निश्चय हो तो महिलाएं भी बहुत कुछ कर सकती हैं। वहीं लमगौंडी निवासी रंजना अवस्थी को आंगनबाड़ी के रूप में उत्ष्टकार्य करने पर यह सम्मान दिया गया। उन्हें यह सम्मान मिलने पर आंगनबाड़ी सहित अनेक क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने खुशी जताई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.