माणिक साहा ने ली त्रिपुरा के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ 

अगरतला। माणिक साहा ने त्रिपुरा के12वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने चमचमाते दरबार हॉल में एक सादे समारोह में 69 वर्षीय साहा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी।

साहा ने अकेले ही शपथ ली क्योंकि मुख्यमंत्री के अचानक बदलने के बाद विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों के बीच बड़े पैमाने पर कथित असंतोष के कारण पार्टी ने अभी तक उनके कैबिनेट सदस्यों की सूची को अंतिम रूप नहीं दिया जा सका है।

पूर्ववर्ती मुख्यमंत्री विप्लव कुमार देव के मंत्रिमंडल में उपमुख्यमंत्री जिष्णु देव वर्मा और राम प्रसाद पॉल सहित तीन पूर्व मंत्री तथा कई विधायक शपथ ग्रहण समारोह से दूर रहे।

देव हालांकि श्री रतन लाल नाथ और आईपीएफटी नेता एवं पूर्व आदिवासी कल्याण मंत्री मेवार कुमार जमातिया तथा कुछ अन्य विधायकों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं के साथ शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे।

साहा ने शपथ ग्रहण के बाद संवाददाताओं से कहा, हम पार्टी के सिपाही हैं। मुझे जो भी कार्य सौंपा गया है, मैं उसे अपनी क्षमता के अनुसार पूरा करूंगा। मैं त्रिपुरा के समग्र विकास के लिए सर्वोत्तम प्रयास करूंगा।

श्री देव ने भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश के बाद शनिवार को पद से इस्तीफा दे दिया। श्री साहा दिसंबर 2016 में भाजपा में शामिल हुए थे और दो साल बाद पार्टी के सत्ता में आने के बाद वह 2019 में त्रिपुरा क्रिकेट संघ के अध्यक्ष बने।

साहा ने जनवरी 2020 में श्री देव की जगह भाजपा की त्रिपुरा इकाई के अध्यक्ष के पद का संभाला। मार्च 2022 में वह राज्य से राज्यसभा के लिए चुने गये।

Leave a Reply