सुहेलदेव और काशी को भाजपा सरकार ने भरपूर सम्मान दिया

लखनऊ। सपा का नाम लिये बगैर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि एक पार्टी के मुखिया भारत के टुकड़े करने वाले जिन्ना की बात करते हैं जबकि उनकी पार्टी हिन्दू संस्कृति के रक्षक राजा सुहेलदेव को आदर्श मानते हुये देश का एक सूत्र में बांधने में लगी है।

अम्बेडकर नगर के जलालपुर विधानसभा क्षेत्र के सुरहुरपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए स्वतंत्र देव ने कहा कि महाराजा सुहेलदेव ने पूरे भारत को एक सूत्र में पिरोने का काम किया अपनी संगठन शक्ति के साथ उन्होंने विदेशी आक्रमणकारियों को धूल चटाई थी।

महाराजा सुहेलदेव ने भारतीय संस्कृति के सम्मान के लिए जो सपना देखा था वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पूरा कर रहे हैं,खास तौर पर गरीबों के लिए पक्का मकान, शौचालय, फ्री गैस कनेक्शन, फ्री बिजली कनेक्शन, आयुष्मान कार्ड और प्रधानमंत्री सड़क के रूप में भाजपा सरकार ने विकास का तोहफा दिया है।

उन्होंने कहा कि सुहेलदेव और काशी को भी वर्तमान भाजपा सरकार ने भरपूर सम्मान दिया है। आज भाजपा सरकार में गुंडे जेल में है और उनकी अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलाने का काम योगी सरकार कर रही है।

कांवड़ यात्रा निकाल रहे कांवरियों पर हेलीकॉप्टर से फूल वर्षा की जा रही है जबकि अन्य सरकारों में प्रतिबंध था। भाजपा नेता ने कहा कि 2024 तक सभी के सिर पर पक्की छत होगी हर व्यक्ति को पक्के मकान और शौचालय उपलब्ध कराए जाएंगे साथ ही वर्तमान समय में सरकार जरूरतमंदो को तेल, दाल और नमक नि:शुल्क खाद्यान्य वितरित कर रही है, डबल राशन देने की व्यवस्था हो रही है।

Leave a Reply