देहरादून में सेब महोत्सव का आयोजन करने पर उठाये सवाल

हर्षिल का सेब गुणवत्ता व पहचान के लिये पहले से ही विख्यात

  • महोत्सव के नाम पर सरकारी बजट का दुरुपयोग करने का लगाया आरोप
  • सेब काश्तकारों को धरातल पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराये सरकार:सजवाण

उत्तरकाशी। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक विजय पाल सिंह सजवाण ने सरकार की ओर से देहरादून में सेब महोत्सव का आयोजन करने पर सवाल उठाये है। उन्होंने कहा कि हर्षिल घाटी का सेब अपनी पहचान और गुणवत्ता के लिये पहले से ही विख्यात है। जो देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है।

उन्होंने कहा कि सेब महोत्सव के नाम पर सरकारी बजट का दुरुपयोग करने के बजाय सरकार को हर्षिल घाटी के सेब काश्तकारों को धरातल पर बेहतर सुविधाएं मुहैया करानी चाहिए।

सजवाण ने कहा कि कांग्रेस सरकार में हर्षिल झाला में बना कोल्ड स्टोर का संचालन ठप पड़ा है। सेब काश्तकारों के कोल्ड स्टोर को चालू करने की लगातार मांग करने पर भी सरकार इस ओर ध्यान देने के बजाय सेब महोत्सव के नाम पर अपना ढोल पीटने को मशगूल है। जबकि सेब काश्तकार महोत्सव का विरोध में है।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में हमारे प्रयासों से लगभग 11 करोड़ की लागत से बना 1200 मीट्रिक टन की क्षमता वाला कोल्ड स्टोर ठप पड़ा है और इसके संचालन न होने से करीब 25 स्थानीय लोगों को रोजगार भी बन्द हो गया है।

उन्होंने कहा कि हर्षिल क्षेत्र में सेब तोड़ने का सीजन शुरू हो गया है, लेकिन सेब रखने के लिए कोल्ड स्टोर का संचालन न होने से काश्तकारों को सेब के खराब होने का डर सताने लग गया है। सजवाण ने कहा कि सरकार एक ओर जहां हर्षिल के सेब की पहचान दिलाने की बात कर रही है, वहीं दूसरी और धरातल पर कोई सुविधा उपलब्ध नहीं करा रही है।

उद्यानपतियों को जरूरी दवाइयां और कीटनाशक आदि के लिए उद्यान विभाग से गुहार लगानी पड़ती है। वर्तमान में जंगली तोता पक्षी सेब को भारी नुकसान पहुंचा रहे है। इस समस्या के निदान के लिए काश्तकारों ने उद्यान विभाग से कम दरों पर जाली उपलब्ध करवाने के साथ ही सेब बगीचों का निरीक्षण करने मांग की गई,लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई।

उन्होंने हर्षिल क्षेत्र के सेब काश्तकारों की मांगों का समर्थन करते हुए झाला कोल्ड स्टोर का संचालन प्रारंभ कर सब काश्तकारों को सभी सुविधाएं देने की सरकार से मांग की है।

Leave a Reply