After Header-1

इटली की प्रधानमंत्री से पीएम मोदी ने की मुलाकात, कहा, दोस्तों से मिलना हमेशा सुखद होता है

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री ( Prime Minister ) नरेन्द्र मोदी ने दुबई में आयोजित सीओपी28 सम्मेलन के इतर इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी के साथ ली गई एक ‘सेल्फी’ पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शनिवार को कहा कि ‘‘दोस्तों से मिलना हमेशा सुखद होता है’’।

मेलोनी ने शुक्रवार को ‘एक्स’ पर ‘‘सीओपी28 में अच्छे मित्र’’ टिप्पणी के साथ सेल्फी पोस्ट की थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर मोदी और मेलोनी के उपनामों को मिलाते हुए ‘हैशटैग मेलोडी’ बना दिया गया।

कैमरे के सामने मुस्कुराते हुए दोनों नेताओं की गर्मजोशी भरी तस्वीर वायरल हो गई है। प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को विश्व जलवायु कार्रवाई शिखर सम्मेलन के उद्घाटन सत्र, राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों के उच्च स्तरीय सत्र, सीओपी28 में ‘ट्रांसफॉर्मिंग क्लाइमेट फाइनेंस’ पर एक सत्र और लीडआईटी (उद्योग परिवर्तन के लिए नेतृत्व) के एक कार्यक्रम को संबोधित किया था।

मोदी ने इजराइल के राष्ट्रपति आइजैक हर्जोग, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान, जॉर्डन के शासक अब्दुल्ला द्वितीय, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक और संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस के साथ द्विपक्षीय बैठकें की थीं।

प्रधानमंत्री मोदी ने ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डी सिल्वा, ब्रिटिश विदेश मंत्री डेविड कैमरन, ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर, तुर्की के राष्ट्रपति आर टी एर्दोआन, स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टरसन और मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू, बारबाडोस की प्रधानमंत्री मिया अमोर मोटली, गुयाना के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद इरफान अली आदि नेताओं से भी मुलाकात की थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.