After Header-1

हर्षिल-झाला में विकास कार्यों की हकीकत परखने पहुंचे डीएम, अधिकारियों को दिए निर्देश

उत्तरकाशी। जिले में विकास कार्यों की प्रगति और स्थानीय लोगों के लिए प्रस्तावित सुविधाओं की स्थिति जानने के लिए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने शनिवार को हर्षिल और झाला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों और प्रस्तावित आपातकालीन परिचालन केंद्र के लिए चिह्नित स्थल का जायजा लिया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने झाला स्थित कोल्ड स्टोरेज का जायजा लेकर वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रखने और संबंधित कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद डीएम ने झाला में रीप परियोजना के अंतर्गत निर्मित सामुदायिक भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन के हस्तांतरण से संबंधित प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं होने पर आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी करने को कहा, ताकि भवन का उपयोग शुरू हो सके और स्थानीय लोगों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इस दिशा में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने हर्षिल स्थित उद्यान ग्राउंड में सीएमबीएडीपी योजना के तहत भवन के प्रथम तल पर प्रस्तावित आपातकालीन परिचालन केंद्र के लिए चिह्नित स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र की स्थापना के लिए जरूरी व्यवस्थाओं और तैयारियों की जानकारी ली।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र की स्थापना से संबंधित आवश्यक औपचारिकताएं, अभिलेखीय कार्यवाही और अन्य प्रक्रियाएं जल्द पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को समय पर पूरा करने के साथ यह भी सुनिश्चित किया जाए कि तैयार सुविधाओं का लाभ लोगों को समय से मिल सके।

निरीक्षण के दौरान जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल नेगी, परियोजना प्रबंधक रीप कपिल उपाध्याय, आपदा कंसल्टेंट जय पंवार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.