मसूरी-झड़ीपानी रोड पर खाई में गिरी कार, Delhi-NCR के 4 लोगों की मौत

पहाड़ों पर फिर काल बनी ढलान: तीव्र ढलान के दौरान कार के ब्रेक फेल होने से वाहन 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा, पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन ने शवों को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी…

कृति सिंह

मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी के झड़ीपानी-बार्लोगंज मार्ग पर बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। तीव्र ढलान पर अचानक कार के ब्रेक फेल हो जाने से वाहन अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और 108 एम्बुलेंस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर बेहद दुर्गम परिस्थितियों में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और शवों को खाई से बाहर निकाला।

स्थानीय चश्मदीदों के मुताबिक, दुर्घटना से कुछ देर पहले कार सवारों ने पास की ही एक दुकान से कुछ सामान खरीदा था। बातचीत के दौरान उन्होंने खुद को उत्तरकाशी का निवासी बताया था, लेकिन बाद में शिनाख्त होने पर मृतकों की पहचान दिल्ली, गाजियाबाद और सोनीपत के रूप में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सामान लेकर जैसे ही वे लोग कार में बैठे, तीव्र ढलान होने के कारण वाहन अचानक अत्यधिक तेज रफ्तार से आगे बढ़ने लगा। चालक जब तक कुछ समझ पाता, ब्रेक पूरी तरह फेल हो चुके थे। गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक खाली प्लॉट को पार करते हुए सीधे गहरी खाई में समा गई।

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार के परखच्चे उड़ गए। मृतकों की पहचान सत्यप्रकाश (निवासी सोनीपत), मनीत (19 वर्ष), सविता (48 वर्ष, पत्नी धर्मवीर, निवासी नेहरू नगर, गाजियाबाद) और संगीता (46 वर्ष, पत्नी टीटू, निवासी करोलबाग, दिल्ली) के रूप में हुई है।

यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी रास्तों पर सुरक्षा और वाहनों की यांत्रिक स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। झड़ीपानी रोड अपने तीखे मोड़ों और अत्यधिक ढलान के लिए जानी जाती है, जहाँ जरा सी चूक या तकनीकी खराबी जानलेवा साबित होती है। घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी मसूरी और पुलिस अधीक्षक नगर देहरादून ने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शवों को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस हादसे के सटीक तकनीकी कारणों की जांच कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.