खंडूड़ी के परिजनों से मिले Nitin Nabeen, फिर शुरू हुआ बैठकों का महामंथन
चुनावी हैट्रिक की बिसात: भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने स्व. खंडूड़ी के परिजनों ढाढ़स बंधाया; सरकार के चार साल के फैसलों की सराहना, आगामी सांगठनिक रणनीतियों पर मंथन तेज...


चाणक्य मंत्र ब्यूरो।
देहरादून। अपने दौरे के दूसरे दिन भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बीसी खंडूड़ी के निवास स्थान पर गए। वहां उन्होंने दिवंगत नेता को नमन किया और दुखी परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इसके पश्चात वे राजपुर रोड पर स्थित एक होटल के लिए रवाना हो गए, जहां उनके संगठनात्मक कार्यक्रमों की श्रृंखला आरंभ हुई।
सिलसिलेवार ढंग से आयोजित इन बैठकों में उन्होंने सर्वप्रथम सांसदों और विधायकों के साथ संवाद स्थापित किया। इसके बाद वे प्रदेश के पदाधिकारियों, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों, महामंत्रियों, जिला प्रभारियों, सह-प्रभारियों और जिला अध्यक्षों के साथ एक मैराथन समीक्षा बैठक में शामिल हुए। उनका यह संवाद कार्यक्रम यहीं नहीं रुका। इसके बाद स्थानीय निकायों और त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था के प्रतिनिधियों, जिनमें महापौर, नगर पालिका व नगर पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख शामिल रहे, के साथ भी उन्होंने जमीनी फीडबैक लिया। देर शाम को वे मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी सेल और प्रदेश प्रवक्ताओं के साथ चुनावी विमर्श करेंगे। इस व्यस्त दिनचर्या के समापन पर वे ऋषिकेश के परमार्थ निकेतन में गंगा आरती में सम्मिलित होंगे और वहां पूज्य संतों के साथ संवाद करेंगे।
इससे पूर्व, गुरुवार को भाजपा कार्यालय में प्रदेश कोर कमेटी और मंत्रियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक संपन्न हुई। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में लगातार तीसरी बार विजय पताका फहराने के लक्ष्य को लेकर इस कोर कमेटी में भावी रणनीतियों पर व्यापक विमर्श हुआ। बैठक में वर्तमान सरकार के चार वर्षों के कार्यकाल के दौरान लिए गए जनहित के बड़े फैसलों की सराहना करते हुए उन्हें जनता के बीच ले जाने का संकल्प लिया गया।