देहरादून। जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में रायपुर थाना पुलिस ने मालदेवता क्षेत्र में शराब के नशे में हुड़दंग मचाने वाले 12 युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 31 मई को मालदेवता क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर कुछ लोगों द्वारा शराब पीकर झगड़ा करने और उपद्रव मचाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अलग-अलग स्थानों से हुड़दंग कर रहे 12 युवकों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार हिरासत में लिए गए व्यक्तियों में अनिल कुमार, महेश कुमार, सनी कश्यप, लक्खी कपूर, पंकज चौधरी, तरुवर चौधरी, प्रांतक थपलियाल, आदित्य असवाल, राज राजेश्वर राणा, कृष्णा स्वामी और अनिकेत असवाल सहित अन्य युवक शामिल हैं। सभी के विरुद्ध कानून के तहत आवश्यक कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने बताया कि मालदेवता और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग घूमने और पिकनिक मनाने पहुंचते हैं। ऐसे में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर उपद्रव करने वालों के खिलाफ विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि स्थानीय लोगों और पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में नियमित गश्त और चेकिंग अभियान जारी है। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, शांति व्यवस्था भंग करने, झगड़ा करने अथवा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून का पालन करें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या उपद्रव की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।