कैलिफोर्निया के ऑरेंज काउंटी इलाके में एक एयरोस्पेस फैक्ट्री में केमिकल टैंक ओवरहीट होने से बड़ा खतरा पैदा हो गया। जहरीली गैस लीक होने की आशंका के बाद प्रशासन ने एहतियातन करीब 40 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया है। घटना के बाद कई स्कूल बंद कर दिए गए हैं और राहत शिविर भी बनाए गए हैं। फिलहाल किसी के घायल या हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
यह घटना गार्डन ग्रोव स्थित GKN Aerospace फैक्ट्री में हुई। अधिकारियों के अनुसार फैक्ट्री में मिथाइल मेथाक्रिलेट नाम का अत्यधिक ज्वलनशील और जहरीला रसायन रखा गया था। शुक्रवार को इस रसायन से भरा प्रेशराइज्ड टैंक अचानक गर्म हो गया, जिसके बाद जहरीली गैस लीक होने का खतरा बढ़ गया।
ऑरेंज काउंटी फायर अथॉरिटी ने बताया कि टैंक में करीब 22 हजार से अधिक लीटर खतरनाक केमिकल मौजूद है। अधिकारियों को आशंका है कि यदि टैंक फट गया या उसमें दरार आई तो जहरीला पदार्थ आसपास के इलाकों में फैल सकता है। इसी खतरे को देखते हुए गार्डन ग्रोव के अलावा साइप्रस, स्टैंटन, अनाहिम, बुएना पार्क और वेस्टमिंस्टर के कुछ हिस्सों से भी लोगों को निकाला गया है।
प्रशासन ने तीन हाई स्कूलों सहित कई जगहों पर अस्थायी शेल्टर होम बनाए हैं। वहीं फायर विभाग की टीमें लगातार ड्रोन की मदद से टैंक के तापमान पर नजर रख रही हैं। अधिकारियों के मुताबिक दो खराब टैंकों में से एक को सुरक्षित कर लिया गया है, लेकिन दूसरा टैंक अभी भी खतरे की स्थिति में बना हुआ है।
विशेषज्ञों का कहना है कि मिथाइल मेथाक्रिलेट गैस स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक हो सकती है। इसके संपर्क में आने से सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन, सिरदर्द और मतली जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।